औली में ‘युद्ध अभ्यास-2026’, भारत-अमेरिका के सैनिकों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों का किया संयुक्त प्रशिक्षण

औली। औली में आयोजित ‘युद्ध अभ्यास-2026’ के दौरान भारतीय और अमेरिकी सेना के जवानों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए संयुक्त रूप से प्रशिक्षण किया। अभ्यास के तहत दोनों देशों के सैनिकों ने बिल्डिंग क्लियरेंस और रूम इंटरवेंशन ड्रिल में हिस्सा लिया। इन अभ्यासों को आमने-सामने की लड़ाई जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया था।
संयुक्त प्रशिक्षण के दौरान हमला करने वाली टीमों ने ड्रोन, रोबोटिक डॉग, डॉग स्क्वाड और स्नाइपर की सहायता से अभियान को अंजाम देने का अभ्यास किया। इसके माध्यम से आतंकवाद विरोधी अभियानों में विशेष रूप से प्रशिक्षित जवानों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से कार्रवाई करने की क्षमताओं का प्रदर्शन किया गया।
अभ्यास के दौरान अमेरिकी सेना के जवानों ने भारतीय सैनिकों के साथ संवाद किया और विभिन्न उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्रदर्शित क्षमताओं और तकनीकों को समझने के साथ-साथ दोनों सेनाओं के बीच पेशेवर अनुभवों का आदान-प्रदान भी किया।
‘युद्ध अभ्यास-2026’ के तहत आयोजित इस संयुक्त प्रशिक्षण से भारतीय और अमेरिकी सेनाओं के बीच पेशेवर जानकारी के आदान-प्रदान, रणनीतिक समझ और संयुक्त रूप से अभियान संचालित करने की क्षमता को और मजबूती मिली।
