चमोली में समान नागरिक संहिता दिवस की तैयारियों की समीक्षा, डीएम ने जनजागरूकता कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित करने के दिए निर्देश

Spread the love

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिलाधिकारी सभागार में जनपद चमोली में समान नागरिक संहिता दिवस के आयोजन को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 27 जनवरी को मनाए जाने वाले समान नागरिक संहिता दिवस पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने समान नागरिक संहिता से संबंधित गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसामान्य तक इसकी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य एवं प्रभावशाली कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समान नागरिक संहिता दिवस के लिए नामित नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि वे सभी विभागीय अधिकारियों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए तथा इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि समान नागरिक संहिता से संबंधित विषयवस्तु का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन इसके उद्देश्य और महत्व को भली-भांति समझ सकें। उन्होंने सभी विभागों से अपने-अपने स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया, जिससे कार्यक्रम सफल एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी आर.के. पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी गोपेश्वर अनिल पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles