सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा, संविदा कर्मियों को नियमित करने के निर्देश: भगवत प्रसाद मकवाना
हरिद्वार।। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग, उत्तराखंड सरकार के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने जनपद भ्रमण के दौरान लक्सर नगर पालिका परिषद सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न न किया जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उपाध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण मित्रों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा जो कर्मचारी पिछले 10 वर्षों से संविदा के माध्यम से कार्यरत हैं, उन्हें तत्काल नियमित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि आउटसोर्स के माध्यम से रखे गए कार्मिकों को संविदा एवं पीआरडी व्यवस्था के तहत समायोजित किया जाए और उन्हें सम्मानजनक कार्य व वेतन उपलब्ध कराया जाए।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से ऋण हेतु किए गए 85 आवेदन बैंक में लंबित हैं, जबकि केवल 36 कर्मचारियों को ही ऋण स्वीकृत हुआ है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने एक सप्ताह के भीतर लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार वर्दी व उपकरण उपलब्ध कराने, मृतक आश्रितों को 15 दिनों के भीतर नियुक्ति देने तथा आयुष्मान और गोल्डन कार्ड से वंचित कर्मचारियों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम सिंह, सुरेश चंद्र, ईओ नगर पालिका मोहम्मद कामिल, सुल्तानपुर नगर पंचायत की ईओ प्रियंका ध्यानी सहित विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी, सफाई यूनियन प्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे।
