कर्मचारियों ने विकास भवन में किया प्रदर्शन
पौड़ी,।देवभूमि खबर। उत्तराखंड जनरल ओबीसी एम्प्लाइज एसोसिएशन की लंबी खिच रही हड़ताल से लोगों को समस्याओं में इजाफा होने लगा है। बिजली के बिल आदि भी जमा नहीं हो रहे है जबकि अन्य महकमों से भी लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। एसोसिएशन बीते सोमवार से पदोन्नति में आरक्षण को हटाने की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल पर है।गुरुवार को भी कर्मचारियों की हड़ताल पौड़ी में जारी रही। सचल दलों ने कई विभागों में छापा मारते हुए इस दौरान काम कर रहे कर्मचारियों को धरना स्थल तक लाने का काम किया। इसके बाद कर्मचारियों ने विकास भवन के सभागार के बाहर भी प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएम जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। यहां हड़ताली कर्मचारियों ने जनरल ओबीसी अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे की स्थिति को देखते हुए विकास भवन में पुलिस बल तैनात रहा।विकास भवन में प्रदर्शन करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष सोहन सिंह रावत, मुख्य संयोजक सीताराम पोखरियाल आदि ने कहा कि कोर्ट द्वारा पदोन्नति में आरक्षण को हटाने को लेकर निर्णय देने के बाद भी सरकार इसको लागू नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द सरकार द्वारा समस्या का हल नहीं किए जाने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रेवतीनंदन डंगवाल, प्रेमचंद्र ध्यानी, दीपक नेगी, प्रदीप सजवाण, जसपाल रावत, दीपक कोठारी, संजय नेगी, अनीता देवी, पार्वती आदि शामिल थे।

