कामदारों के खिलाफ नफरत फैलाना नामदारों की आदत:मोदी

नई दिल्ली।एजेंसी।पीएम नरेन्द्र मोदी ने देश के 25 लाख चौकीदारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बातचीत की। पीएम ने कहा कि चौकीदारों के साथ होली मना कर मैं खुद को बहुत भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं आजकल हर जगह चौकीदारों की ही चर्चा है, चाहे टीवी हो या ट्वीटर, देश हो या विदेश, गांव हो या शहर हर जगह चौकीदार शब्द की ही गूंज है। आज पूरा देश चौकीदार होने की शपथ ले रहा है और कह रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं आप सभी चौकीदारों से माफी मांगता हूं क्योंकि कुछ लोगों ने अपने निजी स्वार्थ के लिए बिना कुछ सोचे-समझे गाली-गलौच करना शुरू कर दिया है और चौकीदार को चोर कह दिया और चौकीदारों की तपस्या के सामने सवालिया निशान खड़ा कर दिया।
पीएम ने कहा कि हम सभी देशवासियों को हमारी सेना पर गर्व होना चाहिए, जान की बाजी लगाकर उन्होंने कितना बड़ा पराक्रम किया, देश के वीर शहीदों का उन्होंने किस प्रकार चुन-चुन कर हिसाब चुकता किया। आज हर भारतीय को गर्व है, लेकिन वहीं विपक्षी पार्टियों के रवैये को देखकर हर कोई हैरान और दुखी है।

