टीकाकरण को लेकर मन में किसी भी तरह की भ्रम न रखें और इससे घबराएं नहीं :मुख्यमंत्री
देहरादून।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज से देश में कोविड-19 को लेकर राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरूआत की। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून के दून अस्पताल से इस कार्यक्रम में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि शुभारंभ कार्यक्रम के बाद ही उत्तराखंड में भी कोविड-19 वैक्सीन लगाए जाने का कार्य आरंभ कर दिया गया। प्रदेश की 34 स्वास्थ्य इकाइयों पर 100 लाभार्थियों को वैक्सीन दी जा रही है। इसके तहत पहले 50 हजार हेल्थ केयर वर्कर्स का, फिर कोरोना वारियर्स का और अंत में 50वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि टीकाकरण को लेकर मन में किसी भी तरह की भ्रम न रखें और इससे घबराएं नहीं। टीकाकरण का धैर्यपूर्वक इंतजार करें। मैं सबको विश्वास दिलाता हूं कि प्रदेश में सभी का टीकाकरण होगा। कोविड-19 वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने जनता से अनुरोध किया कि टीकाकरण के बाद भी मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना तथा हाथों को बार-बार धोना न छोड़ें और सरकार को सहयोग दें।
