दिव्यांग बच्चों हेतु सहायता उपकरण परीक्षण शिविर
चमोली।समग्र शिक्षा अभियान के तहत बुधवार को जिला अस्पताल गोपेश्वर में विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों हेतु सहायता उपकरण परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 06 से 18 आयु वर्ग के विद्यालयों में नामांकित, गैर नामांकित, गृह आधारित शिक्षण तथा अन्य शारीरिक रूप से कमजोर विशेष आवश्यकता वाले 110 बच्चों का पंजीकरण कर परीक्षण किया गया। इन सभी बच्चों को स्वयं सेवी संस्था एल्मिको कानपुर की माध्यम से सहायता उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर में चिकित्सा विभाग की टीम ने 35 दिव्यांग बच्चों का परीक्षण कर दिव्यांग प्रमाण पत्र भी निर्गत किए। इस दौरान रा0जू0हा0स्कूल नैग्वाड की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने शिविर में आए लोगों से इसका पूरा लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में आंख, नाक, कान, गले की बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक न होने के कारण कई लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने काफी समस्या रहती है, जिसको देखते हुए बाहरी जिलों से यहाॅ पर इस विशेष शिविर के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बुलायी गई है। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को ट्राॅमा सेन्टर कर्णप्रयाग में भी विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए शिविर लगाया जाएगा, ताकि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
जिलाधिकारी ने कहा जानकारी के अभाव या सुविधाएं न मिलने से कई लोग दिव्यांग प्रमाण पत्र न होने के कारण इसका लाभ लेने से वंचित रह जाते है। कहा कि दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर समाज कल्याण के माध्यम से पेंशन लगाना ही इस शिविर का एकमात्र उदेश्य नही है, बल्कि दिव्यांग लोगों को विभिन्न स्तरों पर मिलने वाले लाभ दिलाना भी इसका मकसद है और इसके लिए विशेषज्ञों की टीम को यहाॅ पर बुलाया गया है ताकि किसी को असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिविर में परीक्षण के लिए आए सभी दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र जारी करने के बाद ही घर भेजने को कहा ताकि उनको बार-बार आने की समस्या से न जूझना पडे। इस दौरान जिलाधिकारी ने शिविर लगाए गए विभिन्न परीक्षण कक्षों का निरीक्षण भी किया।
शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अनूप कुमार डिमरी, एसडीएम बुशरा अंसारी, जिला शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दयानी, बीईओ दर्शन लाल टम्टा, समग्र शिक्षा अभियान के राज्य समन्वय द्वारिका प्रसाद, जिला समन्वय अशोक सजवाण, नरेन्द्र सिंह खत्री, शिशुपाल सिंह रावत, चण्डी प्रसाद नौटियाल आदि सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेष आवश्यकता वाले बच्चे व उनके अभिभावक मौजूद थे।

