देहरादून में शायद पहली बार ऐसी इको फ्रेंडली मैडाथन दौड़ आयोजित :अशोक कुमार

देहरादून।देवभूमि खबर। अपनी आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर छः दिवसीय मेला मना रहा देहरादून के शिक्षित छात्रों के संगठन मेकिंग ए डिफ्फेरेंस बाय बीइंग द डिफ्फेरेंस (मैड) संस्था द्वारा आयोजित अपनी वार्षिक दौड़-अर्थात मैडाथन में इस साल के प्रतिभागियों ने पिछले सभी सालों के रिकॉर्ड तोड़ते हुए दस हजार का आंकड़ा पार कर लिया। इसके साथ इस दौड़ को हरी झंडी दिखाने डीजी लॉ एंड ऑर्डर श्री अशोक कुमार बिल्कुल समय पर मैडाथन के उद्घाटन स्थल पर पहुँच गए।
परेड ग्राउंड पहुँचने के पश्चात अशोक कुमार ने पूरे समारोह में की गयी सजावट को बारीकी से देखा और इस बात की खुशी जताई कि संस्था द्वारा इको फ्रैंडली दौड़ के आयोजन के अंतर्गत देहरादून में शायद पहली बार एक मैडाथन दौड़ ऐसी आयोजित की गयी जिसमे प्लास्टिक, पॉलिथीन इत्यादि का इस्तेमाल नहीं हुआ। इनकी बजाय मैड के सदस्यों ने गढ़वाल सभा एवं शहर के गुरुद्वारों से संपर्क करके स्टील ग्लास के माध्यम से लगभग छः पानी के स्टाल आठ किलोमीटर की अपनी मैराथन दौड़ की दूरी पर पग पग पर लगाये थे। इसके अलावा, जीरो वेस्ट इवेंट का खयाल लेकर चली मैड संस्था ने इतने बड़े आयोजन के लिए भी किसी प्लास्टिक फ्लेक्स पर प्रिंटिंग का इस्तेमाल नहीं किया और खुद कैनवास क्लॉथ अर्थात कपडे के बैनर और चार्ट पेपर पर पोस्टर बनाये।
दौड़ के विजेताओं में लड़कियों में शुमार थे प्रथम स्थान में राधा, द्वितीय स्थान में संध्या बिंद और तृतीय स्थान में प्रियंका। लड़कों में शुमार थे प्रथम स्थान में मुनेश कुमार। पूरा समारोह अच्छे तरीके से निपट गया और सभी ने भोजन का भी आनंद लिया। कई सैकड़ों युवाओं ने मैड से जुड़ने की इच्छा जताई। यह मैडाथन 2019 का प्रथम दिन था। इसके सफल आयोजन में शेमफोर्ड स्कूल, सॉलिटेयर होटल, हिमालय ड्रग कंपनी, दून डिफेंस अकादमी, टाइम इंस्टिट्यूट, दून इंटरनेशनल स्कूल, इंद्रलोक होटल ने अहम् भूमिका निभाई। इस आयोजन में प्रमुख के परमजीत कक्कर, आशीष गर्ग, ब्रिगेडियर के.जी. बेहल, अनु पंत, मेजर ओंकार उत्तराखण्डी, दूनाईटिड की विनीता बनर्जी बी पी नौटियाल, कर्नल राणा, और संयुक्त नागरिक संगठन ने भी युवाओं को प्रोत्साहित करने मे साथ दिया। मैडाथन दौड़ में संस्थापक अभिजय नेगी, स्वाति सिंह, करन कपूर, अस्मिता पन्त, सात्विक, आर्ची, आयुष, शिवम, अवि आदि मौजूद थे।

