नाबालिग बालिका की गुमशुदगी का 24 घंटे में खुलासा, थराली पुलिस ने देहरादून से सकुशल बरामद किया

चमोली। थाना थराली पुलिस ने नाबालिग बालिका की गुमशुदगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया। बालिका को आवश्यक काउंसिलिंग के बाद सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को बालिका की मां ने थाना थराली में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और स्थानीय स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन बालिका का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना थराली में मु0अ0सं0-27/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। नाबालिग से संबंधित मामला होने के कारण पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम गठित कर बालिका की शीघ्र सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। प्राप्त सुरागों के आधार पर पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की और विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास किए।
पुलिस की तत्परता और लगातार की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप बालिका को 24 घंटे के भीतर जनपद देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक काउंसिलिंग के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने चमोली पुलिस का आभार जताया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र भारती, अपर उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल नीतीश कुमार और महिला होमगार्ड मधु शामिल रहीं।
