पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक को सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने की पहल, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

बागेश्वर। पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक को सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ट्रेक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
खाती गांव से पिंडारी ग्लेशियर के जीरो पॉइंट तक लगभग 26 किलोमीटर एक तरफ और करीब 52 किलोमीटर आने-जाने की दूरी वाले इस पैदल मार्ग पर पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग के संवेदनशील एवं खतरनाक स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने ट्रेक पर मौजूद पर्यटकों से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर पर्यटन गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। इसके लिए स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रिंगाल से पर्यावरण-अनुकूल संकेतक पट्ट तैयार कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कपकोट को पूरे ट्रेक मार्ग का विस्तृत मार्गदर्शिका तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें मार्ग की जानकारी, प्रमुख पड़ाव, उपलब्ध संसाधनों और आपदा के दौरान उपयोगी जानकारियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा सुंदरढूंगा और कफनी ग्लेशियर ट्रेक मार्गों का तकनीकी निरीक्षण कर सुरक्षा एवं सुगमता के लिए आवश्यक कार्यों की रूपरेखा तैयार करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रेकिंग मार्गों पर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं को मजबूत बनाकर बागेश्वर को साहसिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों की आजीविका को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार भी होगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, उपजिलाधिकारी अनिल चनियाल, पुलिस उपाधीक्षक राजेश सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अंकित नौटियाल, खाती गांव के ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह दानू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


