फोनी से 38 की मौत, पीएम मोदी ओडिशा पहुंचे

उड़ीसा।एजेंसी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तूफान प्रभावित ओडिशा में स्थिति का जायजा लेने के लिए भुवनेश्वर पहुंच गए हैं। पीएम अपने दौरे के दौरान तूफान प्रभावित विभिन्न जिलों की स्थिति का जायजा लेंगे। माना जा रहा है कि पीएम इस दौरान ओडिशा को केंद्र से मदद का भी ऐलान कर सकते हैं। शुक्रवार को ओडिशा में आए फोनी तूफान से राज्य में भारी तबाही हुई है।
इस तूफान से ओडिशा के 11 जिलों के 14,835 गांवों के लगभग 1.08 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक इस तूफान के कारण 38 लोगों की मौत हो चुकी है। पीएम मोदी ने रविवार को ट्वीट करके अपने ओडिशा दौरे की जानकारी दी थी। पीएम मोदी ने कहा, ‘सोमवार की सुबह ओडिशा में रहूंगा।
वहां मैं चक्रवात फोनी के बाद की स्थिति की समीक्षा और टॉप अफसरों के साथ मीटिंग करूंगा। केंद्र राहत और पुनर्वास उपायों में हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।’ बता दें कि ओडिशा में आए फोनी तूफान की वजह से मरने वालों की संख्या रविवार को 38 पहुंच गई। इस तूफान के चलते बड़े पैमाने पर बर्बादी हुई है और सैकड़ों लोगों को पानी और बिजली के अभाव से गुजरना पड़ रहा है।

