HTML tutorial
HTML tutorial

जनसुनवाई में 70 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण—डीएम मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश

जनसुनवाई में 70 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण—डीएम मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश
Spread the love

हरिद्वार । जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 55 शिकायतें और ऑनलाइन माध्यम से 15 शिकायतें दर्ज हुईं, इस प्रकार कुल 70 मामलों में से 32 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। न्यू विष्णु गार्डन में अवैध कब्जे, ग्राम अहमदपुर ग्रांट में भूमि विवाद, औरंगाबाद में बिजली कटौती, तथा रोहलकी किशनपुर और सलेमपुर में जलभराव जैसी समस्याओं पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा किसानों ने वन गुज्जरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत भी दर्ज कराई। सेवानिवृत्त शिक्षक द्वारा पेंशन शुरू न होने का मामला भी जनसुनवाई में उठाया गया।

जनपद की 25 ग्राम पंचायतों में स्थापित मिनी सचिवालयों के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें दुधला दयालवाला में एनएचएआई द्वारा हाईवे पर संकेतक बोर्ड न लगाने, गंगा किनारे तटबंध निर्माण और गोरधनपुर स्कूल में जलभराव जैसी समस्याएं शामिल रहीं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थलीय निरीक्षण वाले मामलों में समन्वय के साथ मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 591 और एल-2 स्तर पर 111 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक मे अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान,मुख्य चिकित्साधिकारी आर के सिंह,अपर उप जिलाधिकारी रुड़की हर गिरि, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश,उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ,जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा०शि०) अमित कुमार चन्द,जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल,जिला अर्थ संख्या आधिकारी नलिनी ध्यानी,अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी,जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता पंवार,जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अमित चंद सहित जिला स्तरीय सम्बन्धित अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles