आपदा की घड़ी में श्रीनगर के दानवीरों ने बढ़ाया मदद का हाथ, मंत्री धन सिंह को सौंपे चैक
श्रीनगर।कोविड-19 के खिलाफ जंग में जहां एक ओर सरकार खड़ी है वहीं अब इस जंग में समाज का हर तबका शामिल हो गया है। श्रीनगर गढ़वाल की अगर बात करें तो यहां कई दानवीरों ने आपदा की इस घड़ी में मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। कई अलग-अलग संगठनों और श्रीनगर मेडिकल काॅलेज के स्टाॅफ ने प्रदेश के सहकारिता मंत्री डाॅॅ धन सिंह रावत को चैक सौंप कर आर्थिक सहयोग में भागीदारी निभाई। ताकि सरकार जनभागीदारी से इकट्ठा की गई दान की धनराशि का उपयोग कोरोना वायरस के संक्रमण को खत्म करने की दिशा में कर सके। वहीं सहकारिता मंत्री डॉ धन सिंह रावत के अथक प्रयासों के बदौलत श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कोरोना टेस्ट जल्द शुरू कर दिए जाएंगे। श्रीनगर में भाजपा मंडल ने कोरोना से जंग लड़ने के लिए 1 लाख 41 सौ रूपये की धनराशि का चैक प्रदेश के सहकारिता मंत्री डाॅ धन सिंह रावत के माध्यम से प्रधानमंत्री केयर फंड में दिया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बताया कि डाॅ धन सिंह रावत संकट के समय जिस तरह से जनता के बीच जुटे हैं और उनके सुख-दुख को साझा करने का प्रयास कर रहे हैं। उससे हमें भी प्रेरण मिली और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपदा के इस दौर में यह धनराशि इकट्ठा कर उन्हें समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री केयर्स फंड में भेजी है। वहीं इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और सिंचाई सलाहकार राज्यमंत्री अतर सिंह असवाल ने व्यक्तिगत तौर पर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 35 हजार का चैक उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ धन सिंह रावत को सौंपा। वहीं चंद्रा हार्डवेयर ने भी सीएम राहत कोष के लिए उच्च शिक्षा मंत्री को 11 हजार रूपये का चैक सौंपा।

