राहुल गांधी ने जलियांवाला बाग के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली।एजेंसी।कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जलियांवाला बाग नरसंहार के 100 साल पूरे होने पर जलियांवाला बाग नेशनल मेमोरियल पहुंच शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और राज्य मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर कहा, ‘आज, जब हम भयावह जलियांवाला बाग नरसंहार के 100 वर्षों को देखते हैं, तो भारत उस घातक दिन पर शहीद हुए सभी लोगों को श्रद्धांजलि देता है। उनकी वीरता और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उनकी स्मृति हमें उस भारत के निर्माण के लिए और भी अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करती है जिस पर उन्हें गर्व होगा।
वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, ‘100 वर्ष पहले आज ही के दिन, हमारे प्यारे स्वाधीनता सेनानी जलियांवाला बाग में शहीद हुए थे। वह भीषण नरसंहार सभ्यता पर कलंक है। बलिदान का वह दिन भारत कभी नहीं भूल सकता। उनकी पावन स्मृति में जलियांवाला बाग के अमर बलिदानियों को हमारी श्रद्धांजलि।
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने जलियांवाला बाग नरसंहार पर ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे द्वारा खेद जताने को नाकाफी करार देते हुए कहा कि ब्रिटेन द्वारा औपचारिक माफी मांगने से कम कुछ भी स्वीकार्य नहीं होगा।

