लंढौरा गोलीकांड: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपित घायल, तीन बदमाश गिरफ्तार

Spread the love

हरिद्वार।थाना मंगलौर क्षेत्र के लंढौरा कस्बे में 28 फरवरी 2025 की शाम करीब 6:00 बजे कुछ बदमाशों ने दो नागरिकों पर गोली चला दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पता चला कि इकराम और ताजिम, पुत्रगण जाहिद निवासी मातावाला बाग, हसनबाग, लंढौरा, को निपुल उर्फ छोटा, सन्नी उर्फ प्रशांत, अंकुश उर्फ रांझा और तीन-चार अन्य लोगों ने पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में गोली मार दी। इस हमले में इकराम की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि ताजिम घायल हुआ, जिसका इलाज जारी है।

घटना के संबंध में वादी नौशाद की तहरीर पर थाना मंगलौर में मुकदमा अपराध संख्या 202/2025, धारा 103(1), 109(1), 190, 191(1) 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर थाना प्रभारी कोतवाली मंगलौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

2 मार्च 2025 की आधी रात करीब 12:00 बजे जब पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी, तब एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में नजर आई। पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने अचानक दिशा बदलने की कोशिश की। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी, जबकि दो अन्य भागने लगे।

पुलिस टीम ने गन्ने के खेतों में घेराबंदी कर दोनों फरार बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान प्रशांत उर्फ सन्नी के रूप में हुई, जबकि पकड़े गए अन्य बदमाशों के नाम अंकुश उर्फ रांझा और अभिषेक उर्फ रोबिन हैं। तीनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 28 फरवरी को इकराम और ताजिम पर गोली चलाई थी। इनके कब्जे से तीन देसी तमंचे (.315 बोर) और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उनके खिलाफ थाना मंगलौर और अन्य स्थानों पर हत्या के प्रयास, लूट, डकैती समेत कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सनी उर्फ प्रशांत पुत्र कैलाश चंद (उम्र 23 वर्ष) निवासी मुण्डलाना, मंगलौर, हरिद्वार, जो मुठभेड़ में घायल हुआ है। दूसरा अभियुक्त अंकुश उर्फ रांझा पुत्र राजपाल (उम्र 24 वर्ष) निवासी मुण्डलाना, मंगलौर, हरिद्वार और तीसरा अभियुक्त अभिषेक उर्फ रोबिन पुत्र अनिल निवासी पिपलेड़ा, थाना खतौली, मुजफ्फरनगर (हाल निवासी मुण्डलाना, मंगलौर) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles