हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान डूबे गुजरात के किशोर का एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाकर किया शव बरामद

हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान डूबे गुजरात के किशोर का एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाकर किया शव बरामद
Spread the love

हरिद्वार। गुजरात से परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आए 16 वर्षीय किशोर की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने गहन सर्च अभियान चलाकर किशोर का शव बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 17 जून को प्रातः करीब 10 बजे हर्षिल चौहान (16 वर्ष), पुत्र राजू चौहान, निवासी सूरत, गुजरात, अपने परिजनों के साथ भूपतवाला स्थित बलराम घाट पर गंगा नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और नदी की तेज धारा में डूब गया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी सप्तऋषि को दी गई थी।

घटना के बाद से जल पुलिस द्वारा लगातार किशोर की तलाश की जा रही थी। गुरुवार को सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ढालवाला, ऋषिकेश की टीम निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में बलराम घाट, ठीकर नंबर-16 पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

एसडीआरएफ के डीप डाइवर मातबर सिंह ने विशेष गोताखोरी उपकरणों की सहायता से गहन खोजबीन की। अभियान के दौरान लगभग 20 से 25 फीट गहराई में डूबे हुए किशोर हर्षिल चौहान का शव बरामद कर लिया गया।

आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि गंगा नदी में केवल चिन्हित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। किसी भी अनजान अथवा असुरक्षित स्थान पर जाने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित रहें।

देवभूमि खबर

Related articles