1317 एलटी शिक्षकों को एक माह में मिलेगी तैनातीः डॉ. धन सिंह रावत

1317 एलटी शिक्षकों को एक माह में मिलेगी तैनातीः डॉ. धन सिंह रावत
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1317 सहायक अध्यापकों (एलटी) को एक माह के भीतर नियुक्ति दी जाएगी। इन शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में तैनाती मिलेगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि पर्वतीय जनपदों के दूरस्थ राजकीय विद्यालयों में जल्द ही एलटी शिक्षकों की नियुक्ति कर दी जाएगी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न विषयों के 1317 शिक्षकों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। इनमें गणित विषय में 153, सामान्य 237, विज्ञान 197, वाणिज्य 15, संस्कृत 21, उर्दू 1, अंग्रेजी 164, हिंदी 179, कला 229, संगीत 8, गृह विज्ञान 13 और व्यायाम विषय में 100 शिक्षकों का चयन किया गया है।

डॉ. रावत ने बताया कि इन सभी शिक्षकों की प्रथम तैनाती गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय एवं दुर्गम विद्यालयों में अनिवार्य रूप से की जाएगी। इसमें गढ़वाल मंडल के चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी और उत्तरकाशी जनपद तथा कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा जनपद के दुर्गम और अति दुर्गम विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा देहरादून जनपद के चकराता ब्लॉक और नैनीताल जनपद के ओखलकांडा ब्लॉक के विद्यालयों में भी इन शिक्षकों को नियुक्त किया जाएगा।

माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा 12 विभिन्न विषयों के 1544 रिक्त पदों का अधियाचन सेवा चयन आयोग को भेजा गया था। आयोग ने मंडल और शाखा वार 1317 पदों पर अंतिम चयन परिणाम जारी किया, जबकि शेष पदों का परिणाम न्यायालय में लंबित याचिका के निस्तारण के बाद घोषित किया जाएगा।

डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करना है, ताकि इन विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रहें और छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। नए शिक्षकों की नियुक्ति से स्थानीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और छात्रों को पढ़ाई के लिए अन्यत्र विद्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

देवभूमि खबर

Related articles