10 मार्च से शुरू होगा तीन दिवसीय रेशम कृषि मेला, कृषि मंत्री गणेश जोशी करेंगे शुभारंभ
देहरादून। उत्तराखंड के सहसपुर में 10 मार्च से तीन दिवसीय रेशम कृषि मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी करेंगे। इस मेले में राज्यभर के लगभग 400 रेशम किसान भाग लेंगे।
वीरवार को देहरादून स्थित कैंप कार्यालय में कृषि मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में रेशम विभाग की बैठक आयोजित हुई, जिसमें मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस आयोजन में शहतूती और ओक तसर रेशम उत्पादन से जुड़े किसानों को तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही, रेशम उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को कृषि मंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
रेशम मेले के दौरान एक तकनीकी प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें आधुनिक तकनीकों का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा, रेशम विशेषज्ञ किसानों को उत्पादन से संबंधित नवीनतम तकनीकों और उपायों की जानकारी देंगे। इस मेले में उत्तराखंड रेशम विभाग, केंद्रीय रेशम बोर्ड, केंद्रीय रेशम बोर्ड के अनुसंधान संस्थानों के निदेशक और विभिन्न हितधारक शामिल होंगे।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि रेशम किसानों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। हमारे किसानों की आय में वृद्धि हो और उनके आर्थिक स्तर में सुधार आए, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई योजनाएं संचालित कर रही हैं। मैं सभी रेशम किसानों को इस कृषि मेले में आमंत्रित करता हूं।

