HTML tutorial
HTML tutorial

सीबीआई अकादमी में 16 देशों के 24 अधिकारियों को भ्रष्टाचार जांच और अवैध संपत्ति की वसूली का प्रशिक्षण

Spread the love

गाजियाबाद। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की गाजियाबाद स्थित अकादमी में विदेश मंत्रालय के भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम के तहत भ्रष्टाचार के मामलों की जांच और अवैध संपत्तियों की वसूली विषय पर एक सप्ताह का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 4 से 10 नवंबर 2026 तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का 10 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता सीबीआई के विशेष निदेशक एन. वेणुगोपाल ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में 16 देशों के कुल 24 अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इनमें बोत्सवाना के तीन, लेबनान, माली, मॉरीशस, नाइजीरिया, तंजानिया और जिम्बाब्वे के दो-दो तथा इथियोपिया, घाना, इराक, मेडागास्कर, मालदीव, म्यांमार, नामीबिया, पनामा और पराग्वे के एक-एक अधिकारी शामिल रहे। प्रतिभागियों में 11 महिला और 13 पुरुष अधिकारी थे, जो विभिन्न देशों की कानून प्रवर्तन एवं जांच एजेंसियों से जुड़े हैं।

प्रशिक्षण के दौरान भ्रष्टाचार निरोधक जांच से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें संयुक्त राष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक अभिसमय और भारतीय कानून के तहत भ्रष्टाचार विरोधी कानूनी ढांचा, डिजिटल साक्ष्यों की पहचान एवं संग्रह, क्रिप्टोकरेंसी निवेश का पता लगाना, संपत्तियों की खोज, धन के लेन-देन की कड़ियों का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों और फर्जी कंपनियों के नेटवर्क का खुलासा करना तथा अपराध से अर्जित संपत्ति की वसूली जैसे विषय शामिल रहे।

इसके अलावा प्रतिभागियों को न्यायिक कार्यवाही में जांच संबंधी सहयोग, साक्ष्यों को मजबूत बनाने, दीवानी एवं आपराधिक मामलों में संपत्ति जब्ती और अपराध से अर्जित धन की वसूली की प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के तहत अधिकारियों ने सीबीआई मुख्यालय में स्थित नेटवर्क फॉर एविडेंस ट्रेसिंग, रिसर्च एंड एनालिसिस (नेट्रा) प्रयोगशाला और ग्लोबल ऑपरेशंस सेंटर का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें आधुनिक तकनीक और साक्ष्य विश्लेषण से जुड़ी कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के अतिरिक्त प्रतिभागियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने दिल्ली के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा किया।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न देशों की जांच एजेंसियों के अधिकारियों को भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की प्रभावी जांच, वित्तीय लेन-देन की पहचान और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की बरामदगी के आधुनिक तरीकों से दक्ष बनाना रहा।

देवभूमि खबर

Related articles