अमरीक सिंह अपहरण मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह दोषी करार, 12 नवंबर को सजा पर फैसला

मोहाली। पंजाब पुलिस के पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को अमरीक सिंह अपहरण मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने दोषी करार दिया है। अदालत ने 11 नवंबर 2026 को सुनवाई के बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 365 और 120-बी के तहत उन्हें दोषी ठहराया। दोषी की सजा की अवधि पर फैसला 12 नवंबर 2026 को सुनाया जाएगा।
यह मामला 25 नवंबर 1992 को लुधियाना के होटल अमलताश से अमरीक सिंह के कथित अपहरण से जुड़ा है। आरोप था कि तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक टीम अमरीक सिंह को होटल से अपने साथ ले गई थी। इस संबंध में उनके बेटे देविंदर सिंह द्वारा दिए गए शपथपत्र के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 15 नवंबर 1995 को सिविल रिट याचिका संख्या 497/1995 (परमजीत कौर बनाम पंजाब राज्य) में मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद पहले प्रारंभिक जांच दर्ज की गई और फिर 23 फरवरी 2000 को सीबीआई ने नियमित मामला दर्ज किया। जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 27 नवंबर 2001 को पंजाब पुलिस के पांच अधिकारियों तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह, डीएसपी परमिंदरजीत सिंह, थाना प्रभारी सूबा सिंह, उपनिरीक्षक सुरिंदर सिंह और सहायक उपनिरीक्षक जसवंत सिंह के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। अदालत ने 15 अप्रैल 2004 को आरोप तय किए थे।
लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को अपहरण और आपराधिक साजिश के आरोपों में दोषी ठहराया है। वहीं, सह-आरोपी डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया गया है। अन्य तीन आरोपी पुलिस अधिकारियों थाना प्रभारी सूबा सिंह, उपनिरीक्षक सुरिंदर सिंह और सहायक उपनिरीक्षक जसवंत सिंह की मृत्यु हो जाने के कारण उनके खिलाफ न्यायिक कार्यवाही समाप्त कर दी गई है।
अब इस मामले में दोषी पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को कितनी सजा मिलेगी, इसका फैसला 12 नवंबर को अदालत द्वारा सुनाया जाएगा।


