26 जनवरी गणतंत्र दिवस के भव्य आयोजन को लेकर चमोली में तैयारी बैठक

26 जनवरी गणतंत्र दिवस के भव्य आयोजन को लेकर चमोली में तैयारी बैठक
Spread the love

न्यूज और हेडिंग

चमोली। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के सफल, भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी सभागार, गोपेश्वर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस को सम्मानपूर्वक मनाने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान तथा सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने कार्यालयों में निर्धारित समयानुसार ध्वजारोहण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में ध्वजारोहण, प्रभात फेरी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को नगर क्षेत्र में स्वच्छता, पार्कों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या से देशभक्ति गीतों के प्रसारण के निर्देश दिए। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को साफ-सफाई कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री दौड़ के आयोजन हेतु अन्य विभागों से समन्वय कर यातायात बाधित न हो, इसके लिए रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति एवं जनपद मुख्यालय में प्रभात फेरी निकालने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने पुलिस बल एवं पीआरडी जवानों द्वारा की जाने वाली परेड को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने तथा विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जाने वाली झांकियों की समय-सारिणी एवं रूट पूर्व से निर्धारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, सीटीओ मामूर जहां, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, एसडीएम आर.के. पाण्डेय, सीएमओ अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles