
चमोली। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, पर्यावरण अनुकूल एवं यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, सड़क, स्वास्थ्य, परिवहन, विद्युत, खाद्य आपूर्ति, आपदा प्रबंधन एवं पर्यटन से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को कंट्रोल रूम की स्थापना, प्रतिदिन यात्रा बुलेटिन जारी करने, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा एम्बुलेंस एवं हेली सेवा की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पर्यटन अधिकारी को यात्रियों के पंजीकरण, चारधाम यात्रा 2026 की बुकलेट प्रकाशित करने, यात्रा मार्गों पर होर्डिंग लगाने एवं होटलों में कमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। ईओ बद्रीनाथ को मंदिर परिसर के बाहर चप्पल-जूते की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा बद्रीनाथ से माणा तक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
एनएचआईडीसीएल एवं बीआरओ को सड़क चौड़ीकरण, मार्गों से मलबा हटाने तथा संबंधित विभागों को वैकल्पिक मार्गों को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को यात्रा से पूर्व चिकित्सकों की तैनाती, 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था एवं ज्योतिर्मठ अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने एआरटीओ को बस एवं टैक्सी यूनियन के साथ बैठक आयोजित कर प्रवर्तन दल की तैनाती सुनिश्चित करने, एएमए जिला पंचायत को घोड़े-खच्चरों के पंजीकरण की प्रक्रिया समय से पूर्ण करने, विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति की जांच कर व्यवस्था दुरुस्त करने तथा जिला पूर्ति अधिकारी को राशन एवं ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, एसडीएम आरके पाण्डेय, एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, एएमए जिला पंचायत तेज सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी अरविन्द गौड, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, बीकेटीसी के सीईओ विजय थपलियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

