स्वास्थ्य विभाग में 287 चिकित्सकों की और होगी भर्ती,शासन ने भेजा चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन
देहरादून।राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में जल्द ही 287 चिकित्सकों की भर्ती होने जा रही है। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की स्वीकृति के बाद शासन ने इन पदों पर सीधी भर्ती हेतु उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन भेज दिया है। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष निर्धारित की गई है। चयन बोर्ड द्वारा शीघ्र ही भर्ती विज्ञापन जारी किया जाएगा।
राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती भी तेजी से की जा रही है। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों से स्वास्थ्य विभाग को शीघ्र ही 287 नए चिकित्सक मिलने वाले हैं।
प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के अंतर्गत साधारण ग्रेड के इन 287 रिक्त पदों में से 231 पद सीधी भर्ती और 56 पद बैकलॉग के हैं। शासन स्तर से इन पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन चयन बोर्ड को भेज दिया गया है। अधियाचन में आयु सीमा के प्रावधानों को भी स्पष्ट किया गया है, जिसके तहत भर्ती विज्ञापन में यह उल्लेख किया जाएगा कि जिस वर्ष पद विज्ञापित होंगे, उस वर्ष की 1 जुलाई को अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष होनी चाहिए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, चयन बोर्ड शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करेगा। इससे पहले, दो माह पूर्व चयन बोर्ड द्वारा चिकित्साधिकारी (बैकलॉग) के 220 पदों पर चयनित डॉक्टरों की नियुक्ति प्रदेश के दूरस्थ स्वास्थ्य इकाइयों में की गई थी, जिससे सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विभाग में चिकित्सकों के 287 रिक्त पदों को शीघ्र भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधियाचन उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा गया है।
