HTML tutorial
HTML tutorial

बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ, श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा

Spread the love

श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों के निर्माण तथा श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा की।

मेले में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर बसा श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रही है। केदारखंड एवं मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति के कल्याण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

श्रीनगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मंडी-चौरास-जाखणी पेयजल पंपिंग योजना पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क, नाली निर्माण और पार्कों के सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने श्रीनगर में उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने और श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की।

इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles