सेलाकुई में 5 चोरियों का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर चोर गिरफ्तार; 40 लाख का माल बरामद

सेलाकुई में 5 चोरियों का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर चोर गिरफ्तार; 40 लाख का माल बरामद
Spread the love

देहरादून। थाना सेलाकुई पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की रणनीति के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र में हुई चोरी की पांच वारदातों का खुलासा कर अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान, 3.90 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, सेलाकुई क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के संबंध में विभिन्न मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर घटनाओं के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए थे। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

22 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी फिर से किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सेलाकुई क्षेत्र में आए हैं। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोका। पूछताछ में उनकी पहचान विकास (21 वर्ष) और सुमित कुमार (27 वर्ष), निवासी सहारनपुर के रूप में हुई। तलाशी और पूछताछ के दौरान दोनों ने क्षेत्र में हुई पांच चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर शंकरपुर, सहसपुर स्थित उनके किराये के कमरे से चोरी किया गया करीब 40 लाख रुपये मूल्य का सामान और 3.90 लाख रुपये नकद बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विकास ने चोरी का सामान बेचकर प्राप्त 2.50 लाख रुपये अपने बैंक खाते में जमा किए थे, जिसके बाद पुलिस ने खाते को फ्रीज करा दिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में मजदूरी के बहाने बंद मकानों की रेकी करते थे और रात के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बाहर गए परिवारों के बंद घरों को निशाना बनाकर वे वारदात करते थे। चोरी का सामान किराये के कमरे में छिपाकर रखा जाता था और जरूरत के अनुसार बेचकर खर्च चलाया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी की घटनाओं में एक अन्य साथी की भी भूमिका रही है, जिसकी तलाश जारी है। दोनों आरोपी पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

घटना के सफल अनावरण पर एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। कार्रवाई में थाना सेलाकुई और एसओजी देहरादून की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles