देहरादून में बढ़ते ट्रैफिक जाम पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

देहरादून में बढ़ते ट्रैफिक जाम पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ती यातायात अव्यवस्था और भीषण जाम की समस्या को लेकर एक चिंतित नागरिक एवं समाजसेवी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि देहरादून में ट्रैफिक जाम की स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। हाल के दिनों में देहरादून से दिल्ली जाने वाले कई यात्रियों की उड़ानें छूट गईं, जबकि दिल्ली से अन्य शहरों के लिए जाने वाली फ्लाइटों और ट्रेनों को भी लोग समय पर नहीं पकड़ सके। एक विवाह समारोह में शामिल होने आए करीब 50 लोगों की दिल्ली से जबलपुर जाने वाली ट्रेन तक छूटने का उल्लेख भी ज्ञापन में किया गया है।

ज्ञापन के अनुसार, घंटाघर से आशारोड़ी तक का सफर, जो सामान्यतः कुछ मिनटों में पूरा हो जाता है, जाम के कारण दो घंटे से अधिक समय में तय हुआ। देहरादून आने-जाने वाले हजारों लोग प्रतिदिन इस समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान, मानसिक तनाव और समय की भारी बर्बादी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि यह समस्या अब केवल आमजन की असुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटन, व्यापार और राज्य की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। वर्षों से स्थिति बिगड़ती जा रही है, लेकिन इसके समाधान के लिए अपेक्षित गंभीरता और प्रभावी प्रबंधन देखने को नहीं मिल रहा है।

मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि देहरादून की यातायात व्यवस्था से जुड़ी प्रशासनिक विफलताओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जिन अधिकारियों की लापरवाही, अकर्मण्यता या योजनाहीनता इसके लिए जिम्मेदार पाई जाए, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जवाबदेही तय की जाए।

साथ ही विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों और नागरिक संगठनों की सहभागिता से देहरादून की यातायात समस्या के स्थायी समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में लोगों को इस प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

देवभूमि खबर

Related articles