जनपद बागेश्वर में अब तक 2067 लोग कर चुके हैं संकल्प भारत के तहत शपथ ग्रहण

जनपद बागेश्वर में अब तक 2067 लोग कर चुके हैं संकल्प भारत के तहत शपथ ग्रहण
Spread the love

बागेश्वर ।विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत जनपद में यात्रा कार्यक्रम जारी है। जनपद में 23 नवंबर से आरंभ हुई यात्रा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जनपद में अब तक 2067 लोग संकल्प भारत के तहत शपथ ग्रहण कर चुके हैं।

मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने बताया कि भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं के संतृप्तीकरण के लिए लक्षित लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंच सुनिश्चित करने तथा विभिन्न आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प यात्रा आरंभ की गई है। जनपद में अब तक 40 ग्राम पंचायतों में यात्रा आयोजित की गई है। इस दौरान 2067 लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया है। यात्रा के दौरान 710 लोगों का स्वास्थय परीक्षण किया गया। युवा भारत एप के तहत 15 लोगों द्वारा पंजीकरण किया गया। विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभ प्राप्त कर आजीविका संवर्धन कर रही 205 महिलाओं, 105 विद्यार्थियों, 31 क्षेत्रीय खिलाड़ियों, 30 क्षेत्रीय कलाकारों को इस अभियान के तहत सम्मानित किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आयुष्मान भारत के तहत 31 ग्रामीणों के कार्ड बनाये गए। 18 ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस अभिनंदन पत्र वितरित किए गए। यात्रा में मेरी कहानी मेरी जुबानी कार्यक्रम में तहत विभिन्न योजनाओं के 87 लाभार्थियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गये। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्वंय सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं व अन्य ग्रामीणों द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया जा रहा है। यात्रा के दौरान विभिन्न योजनाओं के जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की जा रही है एवं पात्र लाभार्थी का मौके पर ही पंजीकरण आदि की कार्यवाही आरंभ की जा रही है। विगत दिवस विकासखण्ड कपकोट के लीती व गैनाड़, विकासखण्ड बागेश्वर के पंगचोला व नारायण चोला तथा विकासखंड गरुड़ के अमोली व सिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाभार्थियों के साथ हुए संवाद कार्यक्रम व उद्बोधन को लाइव प्रसारण के माध्यम से दिखाया गया। जनपद स्तर पर नुमाईश खेत में आयोजित हुए कार्यक्रम में स्वंय सहायता समूह सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

यात्रा को सफल बनाने में जनपद स्तरीय अधिकारियों समेत समस्त खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, बीएमएम, डीपीओ समेत समस्त रेखीय विभागों के जनपद व विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी-कार्मिकों द्वारा सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles