कैंची धाम स्थापना दिवस मेले के लिए नैनीताल पुलिस की व्यापक तैयारियां पूरी, 13 से 16 जून तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं बाबा नीम करौली महाराज जन्मोत्सव के अवसर पर 15 जून 2026 को आयोजित होने वाले मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और सुविधा संबंधी विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त समीक्षा बैठकें एवं स्थलीय निरीक्षण किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र, आयुक्त कुमाऊं मंडल तथा मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक स्तर पर भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा चुकी है। पुलिस, प्रशासन, वन, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, विद्युत और अन्य विभागों के समन्वय से एकीकृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 13 जून से 16 जून 2026 तक विशेष यातायात योजना लागू रहेगी। इस दौरान किसी भी श्रद्धालु को निजी वाहन से सीधे कैंची धाम मंदिर तक जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवाओं का उपयोग करना अनिवार्य होगा।
हल्द्वानी, काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भीमताल स्थित विकास भवन सहित निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है, जहां से विशेष शटल सेवाएं संचालित होंगी। हल्द्वानी बस स्टेशन, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन और काठगोदाम रेलवे स्टेशन से भी विशेष बस एवं मिनी बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं रामनगर और नैनीताल क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेट्रोपोल पार्किंग, डीएसए ग्राउंड पार्किंग और तल्लीताल बस स्टेशन से शटल सेवाओं की व्यवस्था की गई है।
13 जून से 16 जून तक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य सभी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहनों को टनकपुर होकर बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ तथा रामनगर होकर अल्मोड़ा की ओर वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस, एसएसबी, पीएसी, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और एटीएस सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की जा रही है। पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल भी उपलब्ध कराया गया है और करीब 1500 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात रहेंगे।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पहले जारी ट्रैफिक प्लान का अध्ययन करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित शटल व्यवस्था का पालन करें। उन्होंने कहा कि पहाड़ी मार्गों की सीमित क्षमता और अत्यधिक यातायात दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए लागू की गई है। पुलिस और प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपेक्षा करते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन संपन्न कराने की अपील की है।

