चारधाम यात्रा को देखते हुए उत्तरकाशी में फायर सेफ्टी ऑडिट तेज, मानकों में कमी मिलने पर जारी किए गए नोटिस

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तरकाशी पुलिस एवं फायर सर्विस द्वारा होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में अग्नि सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा आग जैसी आपात स्थितियों में जानमाल की हानि के जोखिम को कम करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार एवं प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नरेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में फायर सर्विस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति, विद्युत वायरिंग की सुरक्षा, फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन व्यवस्थाओं तथा आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी की तैयारियों का गहन परीक्षण किया गया। जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक उपकरण या व्यवस्थाएं नहीं पाई गईं, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक बचाव उपायों तथा सुरक्षित निकासी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक भी किया गया।
उत्तरकाशी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

