HTML tutorial
HTML tutorial

ऋषिकेश में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20 पेटी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

ऋषिकेश में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20 पेटी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

ऋषिकेश। आबकारी विभाग ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन टीम देहरादून ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में छापेमारी कर 20 पेटी अवैध शराब बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती प्रेरणा बिष्ट एवं आबकारी निरीक्षक जयबीर सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को टिहरी बस अड्डा, चंद्रेश्वर नगर, जाटव बस्ती सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। मुखबिर की सूचना पर चंद्रेश्वर नगर स्थित एक घर में दबिश दी गई, जहां से 20 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान सौरभ पासवान और अमित को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अन्य स्थानों से शराब लाकर शहर में अवैध रूप से बिक्री करते थे। दोनों के विरुद्ध अवैध शराब के भंडारण एवं बिक्री के आरोप में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती प्रेरणा बिष्ट ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पासवान पुत्र रामअदुल पासवान, निवासी चंद्रेश्वर नगर,अमित पुत्र हरिनाथ राजभर, निवासी चंद्रेश्वर नगर के रूप में हुई है।

कार्रवाई में  उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही राकेश सिंह, गोविंद सिंह, हेमंत सिंह तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार, आशीष चौहान, रेशमा और सोनम दामिनी ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles