भू-माफियाओं पर एसएसपी दून का शिकंजा,शेरखान गिरोह के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन
देहरादून । भू-माफियाओं के खिलाफ एसएसपी दून के नेतृत्व में पुलिस का कड़ा रुख जारी है। करोड़ों की संपत्ति पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जा करने वाले सहारनपुर के शेरखान गिरोह पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। गिरोह के शातिर सदस्य मो. अकबर को दून पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। इससे पहले, पुलिस गिरोह के चार मुख्य सदस्यों— विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ, विनोद कुमार उर्फ के.डी., महेश चौहान और प्रमोद गिरी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, गिरोह के सरगना शेरखान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी संभव है।
21 नवंबर 2024 को श्रीमती सुमन देवी, निवासी किशनपुर, थाना राजपुर, देहरादून ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी सहेली श्रीमती रितु मेहता ने उन्हें अपनी किशनपुर स्थित जमीन और बंगले की देखभाल के लिए रखा था। इसी दौरान, शेरखान और उसके साथियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की। शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा संख्या 256/24, धारा 329(4)/62 BNS, 420/467/468/471/120(b) भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी दून के आदेश पर पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ व्यापक जांच शुरू की और धोखाधड़ी से जुड़े सभी मामलों की विवेचना के निर्देश दिए। पुलिस ने रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग और विभिन्न बैंकों से दस्तावेज एकत्र कर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान सहारनपुर निवासी मो. अकबर का नाम सामने आया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 1 फरवरी 2025 को सहारनपुर, उत्तर प्रदेश से मो. अकबर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मो. अकबर ने खुलासा किया कि वह शेरखान गिरोह के लिए काम करता था। इस गिरोह में करीब 10-12 सदस्य शामिल हैं, जो शहर में खाली पड़ी जमीन और मकानों की रेकी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे। इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वे संपत्तियों पर अवैध कब्जा कर लेते थे। गिरोह पहले भी कई संपत्तियों पर इसी तरीके से कब्जा कर चुका है।
मो. अकबर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन सभी जमीनों और मकानों की जांच शुरू कर दी है, जिन पर इस गिरोह ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा किया है। पुलिस टीम शेरखान की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा कर रही है। एसएसपी दून के निर्देश पर भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और फर्जी दस्तावेजों से संपत्तियों पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

