मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदा कोरिडोर परियोजना की प्रगति को लेकर दिए निर्देश
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड सदन, नई दिल्ली में शारदा कोरिडोर परियोजना को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और निर्देश दिए कि इस परियोजना के कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए भूमि का जल्द ही संयुक्त सर्वेक्षण (ज्वाइंट सर्वे) किया जाए तथा भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों का अध्ययन कर उनके सुरक्षात्मक उपायों पर कार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के तहत शारदा नदी के किनारे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रिवर फ्रंट का विकास किया जाएगा। इसके तहत घाटों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि शारदा और गंगा कोरिडोर परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। दोनों परियोजनाओं के तहत अलग-अलग डिजाइन पर कार्य किया जाएगा, जिसमें बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों की आजीविका को सशक्त बनाने से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, स्थानिक आयुक्त श्री अजय मिश्रा एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

