धीरेंद्र प्रताप ने बजट को गांव, किसान और नौजवान विरोधी बताया
देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने बजट को गांव, किसान और नौजवान विरोधी करार दिया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास, शिक्षा और कृषि के बजट में कटौती यह स्पष्ट करती है कि सरकार की प्राथमिकताओं में देश की बहुसंख्यक आबादी—जिसमें किसान और नौजवान शामिल हैं—नहीं है।
उन्होंने मध्यम आय वर्ग के लिए टैक्स सीमा 12 लाख रुपये किए जाने का स्वागत किया, लेकिन निम्न आय वर्ग के लिए कोई नया प्रावधान न किए जाने को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
धीरेंद्र प्रताप ने बजट में पर्वतीय राज्यों के लिए कोई विशेष प्रावधान न होने पर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इन राज्यों के लिए अलग कृषि नीति पर आधारित बजट व्यवस्था होनी चाहिए थी, क्योंकि आर्थिक रूप से ये राज्य लगातार केंद्र पर निर्भर होते जा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस पर ध्यान देने को तैयार नहीं है।
उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा बजट में कमी को लेकर चिंता जताई और इसे देश के भविष्य के लिए एक अदूरदर्शी कदम बताया, जिसका सीधा असर देश की युवा पीढ़ी पर पड़ेगा।

