एसएसपी देहरादून ने किया 35वें सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ, युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस
देहरादून।। जनपद देहरादून में 35वें सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने पुलिस लाइन में किया। इस अभियान के तहत आमजन, विशेषकर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। नुक्कड़ नाटकों, कार्यशालाओं, रैलियों और अन्य माध्यमों से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा।
इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह की थीम “युवाओं के मध्य जागरूकता” रखी गई है। एसएसपी देहरादून ने बताया कि 2024 में भारत में 1.80 लाख सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 30,000 मौतें हेलमेट न पहनने के कारण हुईं। उत्तराखंड में प्रतिदिन औसतन चार दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत और पांच लोग घायल होते हैं।
इस अभियान के तहत पुलिस ने बाइक रैली का आयोजन किया, जिसे एसएसपी देहरादून ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पुलिस लाइन से आराघर, सर्वे चौक, घंटाघर होते हुए वापस पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पहुंची।
विशेष अभियान और सख्त कार्रवाई:
- पुलिस ने 180 मॉडिफाइड साइलेंसर को जब्त कर रोड रोलर से नष्ट किया।
- यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले युवाओं के परिजनों को मौके पर फोन कर जानकारी दी गई।
- बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
- व्यावसायिक वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण भी किया जाएगा।
03 से 15 फरवरी तक आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम:
- स्कूलों/कॉलेजों में कार्यशालाएं और व्याख्यान।
- My Bharat पोर्टल पर ऑनलाइन प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करना।
- सड़क सुरक्षा बैनर/पोस्टर का सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शन।
- चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं।
- हिट एंड रन और गुड समैरिटन कानून पर जागरूकता अभियान।
- भारी वाहनों में रिफ्लेक्टर और सही हेडलाइट चेकिंग अभियान।
एसएसपी देहरादून ने कहा कि इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

