हरकी पैड़ी पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हरिद्वार ।चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचने और श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को हरकी पैड़ी पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जाम जैसी स्थिति से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस एवं सुरक्षा बलों को यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए संयुक्त रूप से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

