आर्मी अफसर बनकर सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर नवयुवकों से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

आर्मी अफसर बनकर सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर नवयुवकों से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून उत्तराखंड एसटीएफ ने आर्मी इंटेलिजेंस देहरादून की साझा की गई सूचना पर एक फर्जी आर्मी अफसर का भंडाफोड़ किया है। यह ठग अब तक कई नवयुवकों को सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर चुका था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आर्मी इंटेलिजेंस देहरादून यूनिट द्वारा दी गई गुप्त सूचना के आधार पर इस ठग को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में थाना पटेलनगर में एक नवयुवक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपी ने उसे सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठग लिया।

एसएसपी एसटीएफ के अनुसार, आर्मी इंटेलिजेंस देहरादून ने जानकारी दी थी कि पटेलनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति सेना की वर्दी पहनकर खुद को आर्मी अफसर बताकर युवाओं को सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी कर रहा है। इससे भारतीय सेना की छवि धूमिल हो रही थी। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम को जांच का निर्देश दिया गया। जांच के दौरान जिन युवकों से ठगी की गई थी, उनसे पूछताछ की गई।

जांच में पता चला कि पटेलनगर निवासी प्रमोद कुमार उर्फ वासू ने युवाओं को बताया था कि वह सेना में अफसर है और उसकी ऊंचे पदों पर पहचान है। उसने भरोसा दिलाया कि वह उन्हें विभिन्न ट्रेडों में भर्ती करा सकता है। इसके बदले उसने प्रत्येक युवक से 3 से 3.5 लाख रुपये लिए। इतना ही नहीं, युवकों को मिलिट्री अस्पताल देहरादून में सेना की वर्दी पहनकर भी मिला, जिससे वे उसके झांसे में आ गए।

पीड़ित परवेज नामक युवक ने बताया कि आरोपी ने उसे सेना में चालक के पद पर भर्ती करने के नाम पर एक एडमिट कार्ड दिया था। बाद में उसने फर्जी मेरिट लिस्ट दिखाकर चयन होने का दावा किया। जब परवेज मिलिट्री अस्पताल पहुंचा, तो उसे पता चला कि मेरिट लिस्ट जाली थी। इस लिस्ट में आरोपी ने एडिट कर परवेज का नाम डाला था। ठगी का एहसास होने पर परवेज ने थाना पटेलनगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ टीम ने मिलिट्री इंटेलिजेंस और पटेलनगर पुलिस की मदद से 3 फरवरी 2025 की रात करीब 10:50 बजे चंदमणि रोड से प्रमोद कुमार उर्फ वासू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक फर्जी आर्मी पहचान पत्र, सेना की एक वर्दी और अन्य आर्मी से संबंधित कपड़े तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त:

प्रमोद कुमार उर्फ वासू पुत्र अनिल कुमार, निवासी चंद्रपाल खेड़ी, थाना नुक्कड़, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।

देवभूमि खबर

Related articles