दिल्ली रेलवे स्टेशन हादसे की जिम्मेदारी लेते हुए रेल मंत्री तत्काल इस्तीफा दें : सूर्यकांत धस्माना
देहरादून।दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए दर्दनाक हादसे की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। यह मांग उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आज अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए की।
श्री धस्माना ने कहा कि यदि रेलवे मंत्री आज रात तक इस्तीफा नहीं देते हैं, तो प्रधानमंत्री को उन्हें अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे मंत्री और रेलवे विभाग पूरे देश को महाकुंभ की तैयारियों को लेकर गुमराह करते रहे और दावा करते रहे कि बीते तीन वर्षों में केंद्र सरकार ने महाकुंभ के लिए 5000 करोड़ रुपये खर्च कर बेहतरीन तैयारियां की हैं। लेकिन दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे ने रेलवे की तैयारियों की सच्चाई उजागर कर दी है।
उन्होंने आगे कहा कि रेलवे विभाग ने गैर-जिम्मेदारी का परिचय देते हुए हादसे के तथ्यों और आंकड़ों को छिपाने की कोशिश की। यदि रेलवे प्रशासन अपनी पूरी ताकत आपदा प्रबंधन में लगाता, तो शायद पीड़ितों को अधिक राहत मिलती। लेकिन रेलवे मंत्री और विभाग ने सच्चाई छिपाने में अपनी पूरी शक्ति झोंक दी, जो कि बेहद शर्मनाक है।
श्री धस्माना ने मांग की कि अब समय गंवाए बिना केंद्रीय रेलवे मंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

