शारदीय कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस अलर्ट, फोर्स को दिए गए निर्देश

शारदीय कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस अलर्ट, फोर्स को दिए गए निर्देश
Spread the love

हरिद्वार।शारदीय कांवड़ मेले को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आज 16 फरवरी 2025 को एसपी हरिद्वार जितेंद्र मेहरा के नेतृत्व में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन और 16 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि सुरक्षा और व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि वे मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क रहें और ट्रैफिक प्लान को सुव्यवस्थित तरीके से लागू करें।

मेले में किसी भी प्रकार की अराजकता, भड़काऊ गानों, सोशल मीडिया पर अफवाहों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को भी निर्देशित किया गया कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करें और किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत अपने उच्च अधिकारियों को सूचित करें। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष कांवड़ियों की संख्या अधिक रहने की संभावना जताई गई है, जिससे पूर्व तैयारियों को पुख्ता किया गया है।

कांवड़ियों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, जल भरने वाले घाटों पर सतर्कता बरतने और वैकल्पिक मार्गों के उपयोग को लेकर सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर में तैनात पुलिसकर्मियों को सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि श्रद्धालु कतारबद्ध रूप से दर्शन करें और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करें।

मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बम निरोधक दस्ते की टीमें, जल पुलिस, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक प्लान की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह का जाम या अव्यवस्था न हो।

पुलिस कर्मियों को हिदायत दी गई कि वे ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार का नशा न करें और अनावश्यक रूप से मोबाइल का उपयोग न करें। मेला कंट्रोल रूम से पूरे क्षेत्र की निरंतर निगरानी की जाएगी, और किसी भी स्थिति में जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों को सूचित किया जाएगा।

इस अवसर पर एडीएम प्रशासन, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी पंकज कुमार गैरोला, एएसपी/सीओ सदर जितेंद्र चौधरी, सीओ मंगलौर विवेक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक तकनीकी/सुरक्षा जूही मनराल, सीओ ज्वालापुर अविनाश वर्मा, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी सहित जिले के सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

कांवड़ मेले में नियुक्त फोर्स का विवरण:
पुलिस उपाधीक्षक – 04, निरीक्षक – 08, उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक – 39, महिला उपनिरीक्षक – 10, टीएसआई/एएसआई टीपी – 10, हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल – 173, महिला कांस्टेबल – 34, ट्रैफिक पुलिस हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल – 19, पीएसी/आईआरबी – 03 कंपनी 02 प्लाटून डेढ़ सेक्शन, बम निरोधक दस्ता – 01 टीम, जल पुलिस – 16 कर्मी, अभिसूचना इकाई – 06 कर्मी।

देवभूमि खबर

Related articles