ऑनलाइन कार्य में आ रही दिक्कतों पर आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने जताई नाराजगी, 1 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

ऑनलाइन कार्य में आ रही दिक्कतों पर आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने जताई नाराजगी, 1 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक देहरादून में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री की अध्यक्षता में कई ब्लॉक अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री ममता बादल ने किया।

बैठक में उपस्थित ब्लॉक अध्यक्षों ने ऑनलाइन कार्य प्रणाली में आ रही समस्याओं को प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखा। सुशीला खत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ऑनलाइन कार्य प्रणाली से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें डिजिटल हाजिरी, फेस आईडी से लाभार्थियों को राशन वितरण, नेटवर्क, डाटा, प्रशिक्षण की कमी, बदले हुए वर्जन और खराब मोबाइल जैसी समस्याएं प्रमुख हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब तक सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराती, तब तक सभी कार्य ऑफलाइन जारी रहेंगे। संघ ने मांग की है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अच्छी क्वालिटी के मोबाइल, मोबाइल डाटा, कैफे पर काम कराने का खर्च और उचित प्रशिक्षण दिया जाए।

संघ ने स्पष्ट किया कि यदि 31 मार्च तक सरकार सुविधाएं नहीं मुहैया कराती है, तो 1 अप्रैल से देशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगी। संघ ने चेतावनी दी कि अगर इस दौरान विभाग में कोई अशांति उत्पन्न होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

देवभूमि खबर

Related articles