प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी उपली रंमोली की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी उपली रंमोली की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
Spread the love

टिहरी । जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने आज जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल मयूर दीक्षित से मुलाकात कर प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी उपली रंमोली की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और इनके शीघ्र निराकरण की मांग की।

राकेश राणा ने कहा कि आधुनिक दौर में जहां देश चांद तक पहुंच गया है, वहीं टिहरी जनपद का पहला गांव सिलोड़ा आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। सिलोड़ा, धनगढ़ गांव और बेजाभागी-किमखेत सड़क मार्ग के अभाव में ग्रामीणों को 6 से 10 किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ता है। दुर्घटनाओं की स्थिति में मरीजों को कंडी (कंधे पर उठाकर) या डंडी (डोली) के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ता है, जिससे बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्राम पंचायत बेजाभागी, किमखेत, चाका और बागथ को लंबे समय से राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही, ग्राम पंचायत मुखमाल गांव में अति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुखमाल गांव में खेल मैदान के निर्माण की मांग भी उठाई गई है।

इसके अलावा, लमगांव-कंडियाल गांव-रेका मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण, रेका से सदडगांव-मुखेम मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग की गई है।

राणा ने यह भी बताया कि पूरे प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में आधार कार्ड केंद्र की कोई सुविधा नहीं है, जिससे स्थानीय निवासियों को जिला मुख्यालय उत्तरकाशी या नई टिहरी जाना पड़ता है। उन्होंने प्रतापनगर के केंद्र बिंदु लंबा में आधार कार्ड केंद्र खोलने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles