उत्तराखंड ड्रग विभाग में 18 नए औषधि निरीक्षकों की नियुक्ति

उत्तराखंड ड्रग विभाग में 18 नए औषधि निरीक्षकों की नियुक्ति
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड सरकार ने राज्य में औषधि निरीक्षक ग्रेड-2 के 18 नए पदों पर नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नव-नियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित में निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की अपील की।

स्वास्थ्य सचिव एवं खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग के प्रमुख डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि यह नियुक्तियां चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और लोक सेवा आयोग, उत्तराखंड के माध्यम से की गई हैं। सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को दो वर्षों की परिवीक्षा अवधि पर तैनात किया गया है और उन्हें तत्काल अपने कार्यक्षेत्र में पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि इस कदम से राज्य में औषधि प्रशासन को मजबूती मिलेगी और जनता को गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इन नियुक्तियों से फार्मास्यूटिकल सप्लाई चेन की मॉनिटरिंग बेहतर होगी और औषधि नियंत्रण व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।

नकली दवा माफिया पर कसेगा शिकंजा

स्वास्थ्य सचिव ने आगे कहा कि नए औषधि निरीक्षकों की तैनाती से नकली और अवैध दवा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई संभव होगी। सरकार का उद्देश्य गैर-कानूनी रूप से बिकने वाली और घटिया गुणवत्ता की दवाओं की रोकथाम करना है। निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में औषधि विक्रेताओं और कंपनियों की नियमित जांच करें और अनियमितता मिलने पर त्वरित कार्रवाई करें।

डॉ. कुमार ने यह भी बताया कि औषधि निरीक्षकों को आधुनिक तकनीकों और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे बाजार में मिलने वाली सभी दवाओं की गुणवत्ता पर बारीकी से नजर रखी जा सके। राज्य सरकार अवैध रूप से बिकने वाली एंटीबायोटिक्स, पेन किलर्स और अन्य नियंत्रित दवाओं की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नव-नियुक्त औषधि निरीक्षकों की तैनाती सूची

उत्तराखंड सरकार द्वारा जारी तैनाती सूची के अनुसार:

  • उधमसिंह नगर – निधि शर्मा, शुभम कोटलाला
  • देहरादून – विनोद पंवार, निधि रतूड़ी
  • चमोली – हार्दिक भट्ट
  • एफडीए मुख्यालय – गौरव कुकरेती, निशा रावत
  • नैनीताल – अनुजा उप्पल
  • पौड़ी – सीमा बिष्ट चौहान
  • हरिद्वार – नेहा, हरिओम सिंह
  • रुद्रप्रयाग – अमित कुमार आजाद
  • टिहरी – रिशभ धामा
  • पिथौरागढ़ – पंकज पंत
  • बागेश्वर – पूजा रानी
  • अल्मोड़ा – पूजा जोशी
  • चम्पावत – हरिता
  • उत्तरकाशी – मो. ताजिन

डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि सभी नव-नियुक्त औषधि निरीक्षकों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रदेश में औषधि निरीक्षण और गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से लागू किया जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles