प्रेमनगर में छात्र को गोली लगने की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, एक छात्र गिरफ्तार

प्रेमनगर में छात्र को गोली लगने की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, एक छात्र गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।प्रेमनगर क्षेत्र में 16 अप्रैल 2025 को एक निजी पेइंग गेस्ट (PG) में रह रहे बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के छात्र शशि शेखर को संदिग्ध परिस्थिति में सिर में गोली लगने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। घायल छात्र मूल रूप से ग्राम छतर लोधमा, जिला रामगढ़, झारखंड का रहने वाला है। सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच के बाद छात्र को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर पर मु0अ0सं0 69/2025 धारा 109 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि घटना के वक्त शशि शेखर के साथ उसी संस्थान में पढ़ने वाला उसका मित्र शशि रंजन भी मौजूद था। पूछताछ में शशि रंजन ने बताया कि वह दोनों कमरे में साथ बैठे थे, तभी शशि शेखर ने बैड के सिरहाने से एक पिस्तौल निकालकर उसे दिखानी शुरू की। इसी दौरान पिस्टल से छेड़छाड़ करते हुए गलती से शशि रंजन के हाथ से ट्रिगर दब गया और गोली चल गई, जो सीधे शशि शेखर के सिर में लगी। गोली लगते ही शशि शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया और बिस्तर पर गिर पड़ा।

घटना से घबराकर शशि रंजन ने पिस्तौल, उसका मैगजीन और खोखा वहीं रख दिया जहां से वह निकाली गई थी और कमरे से बाहर निकल गया। इसके बाद अन्य साथियों की मदद से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस जांच में शशि रंजन की भूमिका सामने आने पर मामले में धारा 109 बीएनएस को धारा 110 बीएनएस में परिवर्तित करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शशि रंजन पुत्र प्रमोद कुमार यादव, निवासी ग्राम धुली पट्टी, थाना जयनगर, जिला मधुबनी, बिहार (उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक पिस्तौल और एक खोखा राउंड बरामद किया है। इस पूरे मामले का सफल खुलासा प्रेमनगर पुलिस टीम द्वारा किया गया, जिसमें उ0नि0 मोहन सिंह, व0उ0नि0 आशीष रबियान, उ0नि0 प्रवीन सैनी, हे0का0 धर्मेंद्र विष्ट, कां0 रोबिन सिंह, कां0 संदीप और कां0 अमरेन्द्र शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles