सीमा पर तैनात वीरों का सम्मान करने बनबसा पहुँचे मुख्यमंत्री धामी, जवानों से की मुलाकात और सराहना

सीमा पर तैनात वीरों का सम्मान करने बनबसा पहुँचे मुख्यमंत्री धामी, जवानों से की मुलाकात और सराहना
Spread the love

चम्पावत।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बनबसा की 57 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) चौकी का दौरा किया और वहां तैनात अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और अदम्य साहस की सराहना करते हुए कहा कि सीमाओं की रक्षा करने वाले हमारे सैनिक ही देश की असली शान हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर निरंतर सतर्कता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, और इसके लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार एवं सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय बना हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और इनकी रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने इस अवसर पर चौकी की अवस्थापना सुविधाओं, संचार तंत्र तथा जवानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधारों के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सीमावर्ती गांवों को “प्रथम गांव” की संज्ञा देने की बात दोहराते हुए कहा कि यह हमारी संस्कृति और सुरक्षा का पहला द्वार हैं और इनकी रक्षा में जुटे सभी जवानों को वह धन्यवाद देते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने जवानों से सीधी बातचीत भी की, उनकी समस्याओं और अनुभवों को जाना और ज़मीनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को कायराना हरकत बताते हुए कहा कि इसका मुँहतोड़ जवाब हमारी सेना और सुरक्षा बलों ने दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब पूरा देश एकजुट होता है तो वह किसी भी आतंकी हमले से बड़ी ताकत बन जाता है।

मुख्यमंत्री ने देश की सेवा में समर्पित सभी सशस्त्र बलों व सुरक्षाकर्मियों को बधाई दी और उनके अदम्य साहस को नमन किया। इस दौरान उनके साथ एसएसबी के डीआईजी अमित शर्मा, जिलाधिकारी चंपावत नवनीत पांडे, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन भदोरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles