बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उर्वशी मंदिर बामणी बदरीनाथ में किए पूजन-दर्शन, हकहकूकधारियों और तीर्थ पुरोहितों ने किया भव्य स्वागत
बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी श्रीधाम बदरीनाथ पहुंचे। दर्शन, पूजा-अर्चना और यात्रा व्यवस्थाओं के निरीक्षण के उद्देश्य से उन्होंने बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती एवं विजय कपरवाण के साथ मंदिरों में पूजा-अभिषेक कर जनकल्याण की कामना की।
बीकेटीसी पदाधिकारियों ने सरस्वती-अलकनंदा तट पर चल रहे पुष्कर कुंभ में पहुंचे श्रद्धालुओं से भेंट की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इससे पूर्व उन्होंने झुनझुन काटेज में हवन यज्ञ में भाग लिया और समिति के विश्रामगृहों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बदरीनाथ बामणी स्थित मां नंदा मंदिर, माता उर्वशी मंदिर तथा खाक चौक स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने खाक चौक परमाध्यक्ष बाबा बालक योगेश्वर दास से आशीर्वाद प्राप्त किया।
बीकेटीसी कर्मचारी संघ ने अध्यक्ष द्विवेदी, उपाध्यक्ष सती और कपरवाण का भव्य स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए। संघ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का बीकेटीसी बोर्ड गठन हेतु आभार जताया।
बामणी गांव में कमदी, मेहता और भंडारी थोक के हकहकूकधारियों ने ढोल-दमाऊं और परंपरागत वाद्ययंत्रों के साथ बीकेटीसी पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि परंपराओं का संरक्षण उनकी प्राथमिकता है। हकहकूकधारियों ने एक ज्ञापन भी उन्हें सौंपा।
स्वागत करने वालों में पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, कमदी थोक अध्यक्ष जगदीश पंवार, भंडारी थोक कल्याण सिंह भंडारी, मेहता थोक राजदीप मेहता, महिला मंगल दल अध्यक्ष बीना देवी, ग्राम प्रधान बबीता पंवार समेत अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत की ओर से भी बीकेटीसी पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम उपरांत अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी देहरादून के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर श्रेयांस द्विवेदी, रमेश कुनियाल, पीआरओ अजय, आर्किटेक्ट अजीत, प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट, निजी सचिव प्रमोद नौटियाल व अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

