राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत मतदाता सूची पोर्टल पर नाम खोजने की सुविधा की उपलब्ध

राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत मतदाता सूची पोर्टल पर नाम खोजने की सुविधा की उपलब्ध
Spread the love

देहरादून। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी त्रिस्तरीय पंचायतों के सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत पंचायत निर्वाचक नामावलियों में नाम खोजने की सुविधा मतदाता सूची पोर्टल secvoter.uk.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई है। इस पोर्टल पर जाकर मतदाता “पंचायत मतदाता खोजें” विकल्प पर क्लिक कर अपना नाम आसानी से देख सकते हैं।

इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह सुविधा 17 जनवरी 2025 को अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली के आधार पर उपलब्ध है, जो घर-घर जाकर कराए गए विस्तृत पुनरीक्षण के अनुसार तैयार की गई थी।

उन्होंने बताया कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम किसी कारणवश अंतिम नामावली में सम्मिलित नहीं हो सके थे, उनके लिए 1 मार्च से 22 मार्च 2025 तक प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों (हरिद्वार जनपद को छोड़कर) में ग्रामवार बैठक बुलाकर विशेष अभियान के तहत आवेदन लिए गए। इन आवेदनों की स्वीकृति के उपरांत संबंधित मतदाताओं के नाम भी पोर्टल पर खोजे जा सकेंगे।

सचिव गोयल ने कहा कि आयोग यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है कि कोई भी पात्र मतदाता नामावली से वंचित न रह जाए। इसके बावजूद यदि किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया हो, तो वह अपने निकटतम विकास खण्ड या तहसील कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र भरकर नाम जोड़ने अथवा संशोधन हेतु आवेदन कर सकता है।

देवभूमि खबर

Related articles