टिहरी झील को वर्ल्ड क्लास टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश

टिहरी झील को वर्ल्ड क्लास टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में एशियाई विकास बैंक सहायतित टिहरी झील एरिया डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की उच्चाधिकार प्राप्त समिति (HPC) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परियोजना निदेशक ने पिछली चौथी HPC बैठक के निर्देशों की अनुपालन आख्या और वर्तमान में प्रगति पर चल रहे 19 उप-प्रोजेक्ट्स की स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य सचिव ने निविदा प्रक्रियाओं की स्थिति की जानकारी ली और टूरिज्म रोड, डोबरा चांठी पार्क का विकास, तिवाड़ गांव का उन्नयन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट आदि कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए इन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में किसी भी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) केवल ग्राउंड सर्वे के बाद ही तैयार की जाए ताकि लागत वृद्धि से बचा जा सके। साथ ही छोटे कार्यों के लिए कंसल्टेंसी सेवाओं से बचने पर बल दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजनाओं के सफल संचालन की रूपरेखा DPR में शामिल की जाए।

मुख्य सचिव ने टिहरी झील क्षेत्र को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु सचिव पर्यटन को विस्तृत कार्य योजना तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही अब तक विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए गए कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे, सचिव वी. षणमुगम, परियोजना निदेशक अभिषेक रोहेला, वित्त निदेशक जगत सिंह चौहान, सहायक प्रोजेक्ट निदेशक राजेश पंत, सिविल इंजीनियर कपिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles