मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शिक्षा विभाग की समीक्षा की, स्कूलों में बुक बैंक और डिजिटल लाइब्रेरी बनाने के निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सचिव शिक्षा को निर्देशित किया कि स्कूलों में बुक बैंक स्थापित किए जाएं, ताकि छात्र कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपनी पुस्तकें वापस जमा कर सकें और अगले सत्र में अन्य विद्यार्थियों को वितरित की जा सकें। इससे हर वर्ष नई किताबें छपवाने में होने वाले करोड़ों रुपये के खर्च में कमी आएगी।
मुख्य सचिव ने क्लस्टर विद्यालयों में कक्षा कक्षों और छात्रावास भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके लिए नाबार्ड से वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी विद्यालयों में बिजली, पानी और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यालयों में शौचालयों की नियमित सफाई के लिए स्थायी मैकेनिज्म तैयार करने और इसके लिए अलग से फंडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त, मुख्य सचिव ने स्कूलों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को अधिक से अधिक ज्ञान अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में सचिव रविनाथ रामन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

