मुख्यमंत्री धामी ने ‘वन क्लिक’ से 7.56 लाख पेंशनर्स को जारी किए 111.82 करोड़ रुपए
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग के पेंशनर्स को “वन क्लिक” के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन का भुगतान किया। इस दौरान राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 पेंशनर्स को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई। इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन शामिल हैं।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय के लिए समर्पित है और आर्थिक-सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लोग पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बहुउद्देशीय कैंपों का आयोजन जारी रखा जाए और 59 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों का सर्वे कर आवश्यक औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष पूर्ण होते ही उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही योजनाओं की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध कराने और वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने विभाग को नवाचार अपनाने और बेहतर कार्यप्रणालियों को अन्य विभागों के साथ साझा करने के निर्देश दिए। साथ ही कॉल सेंटर के माध्यम से पेंशनर्स, विशेषकर बुजुर्गों से संवाद बनाए रखने की बात कही।
कार्यक्रम में विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहा है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

