विकासनगर क्षेत्राधिकारी ने किया कोतवाली चकराता का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश
देहरादून। क्षेत्राधिकारी विकासनगर द्वारा कोतवाली चकराता का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण (01 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 अवधि) किया गया। निरीक्षण के दौरान सलामी गार्द का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मालखाने की स्थिति का जायजा लेते हुए माल के रख-रखाव, साफ-सफाई और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही असलाह की सफाई की जांच की गई और अधिकारी-कर्मचारियों से वेपन हैंडलिंग कराई गई।
कोतवाली परिसर में साफ-सफाई, लावारिस एवं सीज वाहनों के निस्तारण तथा मुकदमे से संबंधित वाहनों के उचित प्रबंधन के लिए भी निर्देशित किया गया। इसके अलावा अपराध रजिस्टर, न्यायालय संबंधित अभिलेखों और अन्य रजिस्टरों का अवलोकन कर उनके अद्यतन रख-रखाव पर संतोष जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया।
क्षेत्राधिकारी ने सभी ऑनलाइन पोर्टल और CCTNS के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत क्षेत्राधिकारी विकासनगर एवं प्रभारी निरीक्षक द्वारा क्राइम मीटिंग में उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों से अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया। साथ ही अनुशासन बनाए रखने और बेहतर कार्य के लिए सभी को प्रेरित किया गया।

