एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: निवेश के नाम पर 27 लाख की ठगी करने वाला साइबर ठग हरियाणा से गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर साइबर अभियुक्त को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा देहरादून निवासी व्यक्ति को बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 27.38 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी “वर्क फ्रॉम होम” और निवेश ग्रुप बनाकर लोगों को ठगता था।
पीड़ित को व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क कर यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब और निवेश के नाम पर रकम जमा करवाई गई। शुरुआत में छोटे-छोटे लाभ दिखाकर भरोसा जीता गया और बाद में बड़ी रकम ठग ली गई। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी के खाते से धोखाधड़ी से जुड़ी करीब 8 लाख रुपये की निकासी की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निवेश के लालच, फर्जी वेबसाइट, टेलीग्राम ग्रुप या “जल्दी पैसा कमाने” के ऑफर से सावधान रहें। अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या पिन किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

